सरधना। नगर के बिनौली रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में बुधवार को ग्राहक के साथ बैंक कर्मचारियों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। घटना को लेकर ग्राहक ने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को ग्राहक ने बताया कि डिप्टी मैनेजर ने गाली गलौज की। विरोध करने पर मारपीट की। बैंक में काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया।
हरियाली संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष रिहान मलिक ने बताया कि उन्होंने संस्था का खाता बिनौली रोड स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में खुलवाया था। वह बुधवार को ग्राहक आईडी लेने के लिए बैंक में पहुंचे। बैंक के डिप्टी मैनेजर जावेद खान ने किसी बात पर रिहान को गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर डिप्टी मैनेजर ने मारपीट कर दी। इसे लेकर बैंक में हंगामा हो गया। सूचना पर ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी भी बैंक पहुंचे और आरोपी डिप्टी मैनेजर के खिलाफ बैंक प्रबंधक पंकज गुप्ता से कार्रवाई की मांग की।
बैंक में हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया। बैंक शाखा प्रबंधक पंकज गुप्ता का कहना है कि किसी बात पर डिप्टी मैनेजर ने ग्राहक से अभद्रता कर दी थी। दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। विभागीय कार्रवाई के लिए अधिकारियों को मेल की गई है।