मेरठ। आबू नाले में सोमवार को लापता बैंक कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार ब्रह्मपुरी निवासी अनुज कुमार (35) पुत्र महेश गढ़ रोड स्थित एक बैंक में कर्मचारी थे। 21 जनवरी से वह घर से बैंक गए थे, लेकिन लौटे नहीं थे। जिसकी गुमशुदगी ब्रह्मपुरी थाने में दर्ज थी। सोमवार शाम चार बजे पुलिस ने सूचना पर अनुज का शव आबू नाले से बरामद किया। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस के अनुसार अनुज का पत्नी से विवाद के चलते तलाक हो चुका था। अनुज के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, अंदेशा है कि अनुज को नाले में धक्का दिया गया या फिर कहीं हत्या करके शव फेंका गया। एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी।
भावनपुर में पेड़ पर लटके मिले दो शव
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र में दो लोगों के शव पेड़ से लटके मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों मामले आत्महत्या से जुड़े होने बताए।
पुलिस के अनुसार गांव किनानगर निवासी नीरज (24) पुत्र महावीर श्रमिक था। उसने कुछ समय पहले गांव के ही एक व्यक्ति से 12500 रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि वह व्यक्ति रुपये वापस लेने का दबाव बना रहा था। रविवार देर शाम दबाव के चलते नीरज घर से निकला था, जिसका शव सोमवार सुबह गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गांव मेदपुर निवासी राजपाल (45) पुत्र बाबू गाड़ी चालक था। रविवार रात वह पत्नी से थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन सोमवार सुबह उसका शव गांव के बाहर बाग में पेड़ पर लटका मिला। राजपाल के बेटे अमन ने पुलिस को दी तहरीर में पिता के घर से नाराज होकर जाने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
भिखारी का शव मिला
मेरठ। भूमिया पुल पर सोमवार दोपहर एक युवक का शव मिला। ब्रह्मपुरी पुलिस का दावा है कि उक्त युवक भिखारी था। शव की पहचान नहीं हो पाई। ब्यूरो