घायल व्यक्ति से जानकारी लेते पुलिसकर्मी
मोहकमपुर रजवाहे पर बुधवार सरेशाम हथियारबंद तीन नकाबपोश बदमाश सिंडिकेट बैंक के सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर रायफल और मोबाइल फोन लूटकर ले गए। बदमाशों का सुराग नहीं लगा है।
पुलिस के अनुसार गांव लिसाड़ी निवासी राजेश पुत्र जयसिंह वेदव्यासपुरी स्थित सिंडिकेट बैंक में सिक्योरिटी गार्ड है। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे वह बैंक से ड्यूटी करने के बाद बाइक से गांव लौट रहा था। मोहकमपुर रजवाहे के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उसकी बाइक रोक ली। तीनों के हाथों में तमंचे थे। बदमाशों ने राजेश से उसकी लाइसेंसी रायफल और मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने उसे गोली मार दी, जो उसके बायें हाथ में लगी।
वारदात के बाद बदमाश पैदल ही नई बस्ती शिवपुरम की तरफ फरार हो गए। लहूलुहान गार्ड किसी तरह पैदल चलकर रेलवे ट्रैक के पास पहुंचा और एक राहगीर के मोबाइल से 100 नंबर पर सूचना दी। सूचना पर सीओ ब्रह्मपुरी धर्मेंद्र चौहान, इंस्पेक्टर परतापुर सुशील दूबे और इंस्पेक्टर टीपी नगर सचिन मलिक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल गार्ड का निजी अस्पताल में उपचार कराया और फिर घटनास्थल पर ले जाकर वारदात की जानकारी ली।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
घटना को लेकर थाना परतापुर और टीपी नगर पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। काफी बहस के बाद थाना परतापुर पर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कांबिंग के दौरान गार्ड का मोबाइल फोन घटनास्थल से कुछ दूर से बरामद कर लिया। पुलिस का मानना है कि मोबाइल फोन से बदमाशों तक पहुंचा जा सकता था। उधर, सीओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि वारदात को संभवत: लोकल बदमाशों ने अंजाम दिया है। घटनास्थल के पास नई बस्ती और शिवपुरम बस्ती लगती हैं। संभावना है कि बदमाश वहीं भागे हों। आसपास के स्थानों पर बदमाशों की तलाश कराई जा रही है।