यूनियन बैंक की अब्दुल्लापुर शाखा में तोड़फोड़ के मामले में 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पहचान करने में जुटी है।
वहीं मंगलवार को बैंक शाखा से कैश लेकर लौटने के बाद अब्दुल्लापुर निवासी इश्तियाक की तबियत खराब होने से मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप था कि बैंक में जरूरत के मुताबिक कैश न मिलने और शाखा प्रबंधक द्वारा चेक फाड़ने से उसकी बैंक में हालत बिगड़ गई थी। इसी से गुस्साए ग्रामीणों ने बैंक में तोड़फोड़ कर दी थी। बैंक का सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया गया था। स्टाफ ने स्ट्रांग रूम में घुसकर जान बचाई थी।
शाखा प्रबंधक श्रद्धा खन्ना ने भावनपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। एसओ भावनपुर सतेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर पर पुलिस ने 30 अज्ञात लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बैंक ने सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दी है। फुटेज से पहचान होने पर पुलिस केस में उनके नाम खोलेगी। उधर, केस दर्ज होने के बाद से ग्रामीणों में हड़कंप मचा है।