संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सरधना थाने में ईदगाह कमेटी के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खुले में कुर्बानी और सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी केवल निजी स्थानों पर पर्दे के अंदर ही करें और पशुओं के अवशेष निर्धारित स्थानों पर ही डालें। खुले में अवशेष फेंकने पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। चेयरपर्सन के पति निजाम अंसारी से निर्धारित स्थानों पर गड्ढे खुदवाने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग मांगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मस्जिदों और ईदगाहों में अलग-अलग शिफ्ट में नमाज कराने की व्यवस्था की जाए। इंस्पेक्टर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराया जाए। बैठक में शहर काजी मुफ्ती शाकिर कासमी, मौलाना महताब, ऐनुद्दीन शाह, सुहैल कुरैशी, मुख्तार खान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।