संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। धनतेरस पर सराफा बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल और उमंग देखने को मिली। सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा किए गए कड़े प्रबंधों से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। इस मौके पर शहर सराफा बाजार व्यापार एसोसिएशन मेरठ मंडल ने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का स्वागत कर आभार जताया।
बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बाजार का जायजा लेने के साथ ही व्यापारियों के साथ संवाद किया। इस मौके पर एसोसिएशन के महामंत्री नरेश माहेश्वरी ने कहा कि पुलिस द्वारा बाजार में बैरियर लगाकर ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने का फैसला काफी अच्छा है। इस सुदृढ़ ट्रैफिक व्यवस्था के कारण ग्राहकों को आवाजाही में कोई परेशानी नहीं हुई और लगभग एक साल बाद बाजार में इतनी शानदार रौनक व खरीदारी देखने को मिली है।
इस दौरान एसएसपी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा और सुचारु यातायात की यह व्यवस्था आगे भी जारी रखी जाएगी, जिससे सराफा कारोबारियों और दूर-दराज से आने वाले ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान अनिल शारदा, सुभाष अग्रवाल, मुकुल जैन, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, हर्ष जैन, प्रतीक, प्रियांशु रस्तोगी, अभिनव माहेश्वरी, दिनेश और अभिनव जैन आदि मौजूद रहे।