आईएसएसएफ विश्व कप में सौरभ चौधरी ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाकर देश के लिए गोल्ड मेडल जीता। पदक जीतने पर बिनौली में रायफल क्लब पर खुशी मनाई गई। जर्मनी के म्यूनिख शहर में 20 मई से आईएसएसएफ विश्व कप चल रहा है।
इसमें सौरभ चौधरी ने दस मीटर एयर पिस्टल सीनियर पुरुष वर्ग में 586 का स्कोर बनाया। फिर फाइनल राउंड में सौरभ ने सटीक निशाने लगाकर दिल्ली में बनाए अपने रिकॉर्ड 245.0 को तोड़कर नया रिकॉर्ड के साथ 246.6 का स्कोर बनाकर देश के लिए गोल्ड मेडल जीता।
सौरभ के स्वर्ण पदक जीतने पर बिनौली के वीर शाहमल रायफल क्लब पर उसके साथी निशानेबाजों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। दूसरी तरफ सौरभ के पैतृक गांव मेरठ के कलीना में भी परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर खुशियां मनाई।
सौरभ के कोच अमित श्योराण ने पदक जीतने पर कहा कि ये मेरे लिए गर्व की बात है कि सौरभ लगातार नए रिकार्ड के साथ देश के लिए सोना जीत रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सौरभ ओलंपिक में भी देश को सोने का तमगा दिलाएगा।