बागपत में मलकपुर-बड़ौत के बीच कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा घायल हो गया। घायल को दिल्ली रेफर किया गया है। दुघर्टना के बाद चालक कार को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, इस संबंध में मृतक के चचेरे भाई ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
मृतक श्याम सिंह उम्र 60 वर्ष चौबली गांव का रहने वाला था। जबकि दूसरा मृतक चौबली गांव का विजय भान उम्र 24 वर्ष पुत्र रणधीर शामिल हैं। घायल संदीप मृतक श्याम सिंह का भतीजा है। रविवार की रात्रि में एक ही बाइक पर श्याम सिंह, उसका भतीजा संदीप और गांव का विजय भान बड़ौत से अपने गांव चौबली जा रहे थे, जब वे मलकपुर और बड़ौत के बीच पहुंचे तो छपरौली की ओर से आ रही कार यूपी 17 एच 3828 ने बाइक में टक्कर मार दी, सूचना पर 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और एक निजी अस्पताल लेकर आई, वहां के चिकित्सकों ने विजयभान को मृतक घोषित कर दिया। जबकि श्याम सिंह और उसके भतीजे संदीप को दिल्ली रेफर किया, रास्ते में ही श्याम सिंह ने भी दम तोड़ दिया। संदीप दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है, वहां उसकी हालत गंभीर है। इस हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर भाग निकला, पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया, इस संबंध में मृतक चचेरे भाई पप्पू पुत्र लक्ष्मी निवासी चौबली ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक श्याम सिंह बड़ौत में मजदूरी करता है, उसकी पत्नी समुद्री और उसके तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, उसकी मौत से कोहराम मचा हुआ था। वहीं मृतक विजयभान भी मजदूरी करता था, उसकी पत्नी अदिति व दो बच्चों का रोते हुए बुरा हाल हो रहा है।
हेलमेट पहनने होते तो बच जाती जान
दुघर्टना के समय मृतक हेलमेट नहीं पहने थे, यदि हेलमेट पहने होते तो जान बच सकती थी। उधर, पुलिस कार चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है, पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/