बागपत के बरनावा वन्य क्षेत्र में फिर तेंदुए के होने की पुष्टि हो गई। बिनौली में शिकारियों ने सूअर को पकड़ने के लिए जाल लगाया था। लेकिन जाल में तेंदुआ फंस गया। शिकारियों ने शोर मचाया तो आसपास के किसान मौके पर जमा हो गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहियों से जाल को दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेंदुआ छूटकर भाग निकला।
कृष्णा नदी के किनारे बरनावा के वन्य क्षेत्र में शनिवार को बिनौली के किसान विनोद कुमार पुत्र सतपाल सिंह के खेत में शिकारियों ने जंगली सूअर को पकड़ने के लिए जाल लगाया था। सुबह करीब 11 बजे ईंख के खेत से निकला तेंदुआ जाल में फंस गया। तेंदुए को देख शिकारियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। गन्ना छील रहा विनोद अन्य किसानों के साथ मौके पर पहुंचा। किसान का कहना है कि तेंदुआ छटपटा रहा था। गांव में भी सूचना दी गई। वहीं जंगल में मौजूद किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए से जाल को दबाने का प्रयास किया। लेकिन तेंदुआ भाग निकला।