उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में कोरोना संक्रमण के जिले में एक साथ 14 मामले सामने आए हैं। एम्स में गार्ड की नौकरी करने वाले युवक के परिवार के पांच सदस्य और सिंघावली अहीर थाने का सिपाही संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मिले लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा 35 लोगों की रिपोर्ट नेेगेटिव आने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सीएमओ डॉ आरके टंडन ने शनिवार को जिले में 14 संक्रमित मिलने की पुष्टि की है। बताया कि खेकड़ा क्षेत्र के फिरोजपुर गांव का युवक एम्स दिल्ली में गार्ड की नौकरी करता है। दिल्ली में गार्ड के पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिवार के सैंपल लिए थे।
शनिवार को परिवार के पांच सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा सिंघावली अहीर थाने का मुंशी भी संक्रमित मिला है। बड़ौत में तीन, पिलाना में दो और छपरौली में संक्रमण का एक मामला मिला है। शनिवार को कुल संक्रमित 14 मिले हैं।
अब जिले में संक्रमितों की संख्या 202 पर पहुंच गई है। खेकड़ा के कोविड अस्पताल से शनिवार को 35 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। सिंघावली अहीर थाने को सैनिटाइज किया गया है। पुलिसकर्मियों के सैंपल लिए जा रहे हैं।