कॉलेज से बैग चुराने वाला दबोचा, चार मोबाइल बरामद
मेरठ। लालकुर्ती पुलिस ने माल रोड स्थित एक निजी कॉलेज से छात्रों का बैग चुराने वाले शख्स को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भी छात्र है जो परीक्षा देने यहां आ रहा था। उसके पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं जबकि बैग सहित अन्य सामान उसने कसेरूखेड़ा के नाले में फेंक दिया था।
कसेरूखेड़ा निवासी सौरभ कुमार माल रोड स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज में आठ जुलाई को अपने साथियों के साथ परीक्षा देने आया था। सभी दोस्तों ने सौरभ के बैग में अपने मोबाइल फोन रख दिए और परीक्षा देने चले गए। परीक्षा देकर बाहर निकले तो पता चला कि बैग गायब है। तहरीर के बाद पुलिस ने तफ्तीश की।
कॉलेज की सीसीटीवी फुटेज में एक शख्स बैग लेकर जाता कैद हो गया। शनिवार को आरोपी युवक फिर से परीक्षा देने पहुंचा। पुलिस पहले ही चौकस हो गई। परीक्षा देने के बाद जैसे ही वह कॉलेज से बाहर निकला, पुलिस ने उसे दबोच लिया और थाने लेकर आ गई। पुलिस ने उससे सौरभ व उसके मोबाइल के बारे में पूछा तो वह बचने लगा। तभी उसे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई गई। फुटेज देख उसके होश उड़ गए। कुछ देर बाद ही पुलिस ने उसके पास से चार मोबाइल फोन बरामद कर लिए। इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी युवक का नाम वैभव प्रकाश निवासी ग्राम अम्हैड़ा थाना गंगानगर है। उसने बैग कसेरूखेड़ा के नाले में फेंकना स्वीकार किया है। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।