यूपी के सहारनपुर में दिनदहाड़े बदमाशों ने बड़ी लूट को अंजाम दे डाला। यहां नकुड़ कस्बे में एक बाग ठेकेदार से बदमाशों ने दस लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
जानकारी के अनुसार जिले के कस्बा नकुड़ में रणदेवा निवासी बाग ठेकेदार रामकुमार शनिवार दोपहर नकुड़ बिजलीघर पर अवर अभियंता से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान बाइक पर टंगे दस लाख रुपये से भरे बैग को बदमाश लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने डायल 100 को घटना की सूचना दी।
पुलिस के अनुसार किसी व्यक्ति को देने के लिए उसने सुबह के समय बैंक से पांच लाख रुपये निकाले थे जबकि पांच लाख वह अपने घर से लेकर गया था। यहां रास्ते में वह बिजलीघर पर अवर अभियंता से मिलने पहुंच गया। इसी दौरान बदमाशों ने बाइक से वह थैला उतार लिया जिसमें पैसे रखे थे। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।