बद्दो की आज तक नहीं हो सकी घेराबंदी, 28 मार्च 2019 से चल रहा है फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पांच लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो और उसका बेटा 50 हजार रुपये का इनामी सिकंदर आज तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके। सोशल मीडिया पर कभी-कभी बदन सिंह बद्दो पोस्ट भी डालता रहता है, लेकिन अभी तक पुलिस उसको पकड़ नहीं सकी है। इसके बैरीपुरा स्थित कोठी पर बुलडोजर भी चल चुका है।
बदन सिंह बद्दो ने 1988 में अपराध की दुनिया में कदम रखा। बद्दो ने 1996 में अधिवक्ता रविंद्र गुर्जर की हत्या की थी। इसके बाद साल 2011 में उसने मेरठ जिला पंचायत सदस्य संजय गुर्जर का कत्ल कर दिया था। इसके अलावा कई हत्या में नाम बदन सिंह बद्दो का नाम आ चुका है। रविंद्र गुर्जर की हत्या के मामले में बद्दो को आजीवन कारावास की सजा हुई थी। बद्दो के खिलाफ यूपी समेत कई राज्यों में लूट, डकैती और हत्या के मामले दर्ज हैं। बद्दो 28 मार्च 2019 को मेरठ में मुकुट महल होटल से पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही है, लेकिन आज तक पुलिस बद्दो का पता नहीं लगा पाई है।
जालंधर छोड़कर मेरठ आया था परिवार
बदन सिंह बद्दो के पिता चरण सिंह 1970 के दशक में जालंधर छोड़कर मेरठ में रहने आ गए थे। बद्दो के पिता ने परिवार का जीवनयापन के लिए ट्रक ड्राइवर का काम शुरू किया था। फिर धीरे-धीरे वह खुद एक ट्रांसपोर्टर बन गए थे। वहीं सात भाइयों में सबसे छोटे बदन सिंह बद्दो ने भी ट्रांसपोर्ट के कारोबार में कदम रखा। इसी दौरान उसके संबंध इलाके के बदमाशों से हो गए। इसके बाद उसने शराब के कारोबार में भी हाथ आजमाया।
बताया जाता है कि उसने 1988 में अपराध की दुनिया में कदम रखा। बद्दो ने 1996 में वकील रविंद्र गुर्जर की हत्या की। बद्दो के खिलाफ यूपी समेत कई राज्यों में लूट, डकैती और हत्या के मामले दर्ज हैं।