बच्चे को 20 मिनट तक छत से लटकाया
फोटो
मेरठ। सात साल के बच्चे पर पतंग काटने का आरोप लगाकर पड़ोसी युवकों ने उसे करीब बीस मिनट तक छत से लटकाए रखा। वह बिलखता रहा। उसकी आवाज सुनकर बहन और मां ने किसी तरह बचाया। बच्चे के परिजनों ने घटना पर विरोध जताया तो बच्चे की बहन और मां के साथ मारपीट भी की गई।
घटना मेडिकल थाना क्षेत्र के शेरगढ़ी की है। यहां सात साल का आदित्य अपने घर की छत पर पतंग उड़ाने पहुंचा। पड़ोस में रहने वाले 25 वर्षीय युवक ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बच्चे पर पतंग काटने का आरोप लगाते हुए उसे पकड़ लिया। बच्चे ने कहा कि उसने पतंग नहीं काटी है। आरोप है कि पड़ोसी युवक बच्चे को अपनी छत पर ले गए। वहां उसे डराया, धमकाया और छत से लटकाए रखा। शोर सुनकर आसपास के लोगों के अलावा बच्चे की बहन और मां पहुंची। उन्होंने किसी तरह बच्चे को छुड़ाया। इस घटना का विरोध किया गया तो बहन और मां के साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने बच्चे को भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। बाद में बच्चा परिजनों के साथ मेडिकल थाने पहुंचा। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह का कहना है कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।