संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। कांवड़ यात्रा में इस बार आस्था के साथ-साथ अलग-अलग रंग भी देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच सकौती टांडा के शिवभक्तों की ‘बुलडोजर कांवड़’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रभावित शिवभक्तों की टोली चौथी बार बुलडोजर कांवड़ लेकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकली है।
सकौती टांडा निवासी मनीष कश्यप और सोनू पंडित ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद पसंद हैं। उनके द्वारा अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ की जाने वाली बुलडोजर कार्रवाई भी उन्हें काफी प्रभावित करती है। इसी सोच के साथ उन्होंने कांवड़ यात्रा में बुलडोजर को शामिल किया है। शिवभक्तों के अनुसार हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटते समय रास्ते में जहां से भी यह गुजरी वहां उत्साह का माहौल बन गया। कई स्थानों पर शिवभक्तों ने बुलडोजर को गोल-गोल घुमाकर जमकर नचाया।
सिर्फ जल नहीं, सेवा का भी संकल्प
बुलडोजर कांवड़ लेकर चल रहे शिवभक्तों का कहना है कि उनकी यात्रा केवल गंगाजल लेकर शिवालय तक पहुंचने तक सीमित नहीं है। रास्ते में जरूरतमंदों की मदद करना भी उनके संकल्प का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान यदि किसी का वाहन या ट्रक रास्ते में फंस जाता है तो वे अपने बुलडोजर की मदद से उसे बाहर निकालने का प्रयास करते हैं।
शिवभक्तों का कहना है कि बाबा भोलेनाथ की भक्ति के साथ समाजसेवा का संदेश देना ही उनकी कांवड़ यात्रा का उद्देश्य है। इसी वजह से बुलडोजर कांवड़ जहां आस्था का प्रतीक बनी है, वहीं रास्ते में मददगार के रूप में भी नजर आ रही हैं