सहारनपुर में सरसावा के पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग के प्रमुख केंद्र में सोमवार को ब्यास डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह महाराज पहुंच गए। उन्होंने संगत को दर्शन देकर निहाल किया। दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान, नेपाल सहित कई देशों के अनुयायी सत्संग केंद्र में पहुंच गए। सेवादारों द्वारा चौकसी कड़ी कर दी गई है। सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। चेकिंग के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है। मंगलवार को डेरा प्रमुख अपनी वाणी से संगत को निहाल करेंगे।
पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में दो दिवसीय सत्संग, दर्शन और नामदान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सोमवार की सुबह से ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर से बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचने शुरू हो गए हैं। राधा स्वामी सेवादारों के मुताबिक पाकिस्तान और नेपाल से भी अनुयायी कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। दो दिवसीय कार्यक्रम में करीब पांच लाख अनुयायी भाग लेंगे। दोपहर 12:45 बजे ब्यास डेरा प्रमुख गुरिंद सिंह महाराज हेलीकाप्टर के जरिए सत्संग केंद्र में पहुंच गए। शाम के समय उन्होंने सभागार में आकर लाखों श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। मंगलवार की सुबह गुरिंदर महाराज सत्संग में प्रवचन करेंगे। महाराज के दर्शन करने को लेकर अनुयायियों में भारी उत्साह है।