95 केंद्रों पर होगी बीएड की प्रवेश परीक्षा
मेरठ। 29 जुलाई को होने वाली बीएड की प्रवेश परीक्षा मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में 95 केंद्रों पर आयोजित कराई जाएगी। सबसे ज्यादा मेरठ में 40 सेंटर बनाए गए हैं। एक सेंटर पर पांच सौ से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा नहीं देंगे। मंगलवार को सीसीएसयू में रजिस्ट्रार, क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी और नोडल समन्वयक ने सभी सेंटरों की लिस्ट फाइनल कर दी। बुधवार को उप मुख्यमंत्री बीएड के सेंटरों और परीक्षा की तैयारी को लेकर अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग करेंगे।
बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन लखनऊ विश्वविद्यालय करा रहा है। परीक्षा अब 29 जुलाई को होनी है। पहले मेरठ और सहारनपुर मंडल में सिर्फ मेरठ और गाजियाबाद में सेंटर बनाए गए थे, लेकिन कोरोना महामारी के कारण सोशल डिस्टेसिंग को देखते हुए हर जिले में सेंटर बनाने का निर्णय लिया गया। मंगलवार दोपहर को रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी डॉ. राजीव कुमार गुप्ता और नोडल समन्वयक प्रो. पीके मिश्रा ने सभी जिलों में सेंटरों की सूची फाइनल कर दी। जो सेंटर बनाए गए हैं उनमें एडेड-राजकीय कॉलेजों के अलावा सरकारी इंटर कॉलेजों को शामिल किया गया है। बुधवार को परीक्षा और सेंटरों की तैयारी को लेकर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा विवि और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग करेंगे।
ये बनाए गए हैं जिलों में सेंटर
मेरठ में 40, गाजियाबाद में 32, सहारनपुर में आठ, मुजफ्फरनगर में चार, बुलंदशहर में तीन, गौतमबुद्घनगर में दो, हापुड़ में दो, बागपत में दो, शामली में भी दो सेंटर बनाए गए हैं।