मेरठ। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत परिवहन विभाग के अधिकारी स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
बुधवार को परिवहन विभाग ने साकेत चौराहा पर द एवेन्यू पब्लिक स्कूल, गंगानगर के एनसीसी कैडेट्स के साथ मिलकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में आरटीओ अनिता सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कर्दम ने हेलमेट न लगाने वाले दोपहिया वाहन सवारों को गुलाब का फूल देकर हेलमेट के महत्व के बारे में समझाया। इस अवसर पर एआरटीओ विंध्याचल गुप्ता, यातायात प्रभारी संतोष कुमार, विजय कुमार, यातायात निरीक्षक लालसा पाण्डेय और द एवेन्यू पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य आरके सैनी भी मौजूद रहे।