संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। एएसपीजी कॉलेज में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तीसरे दिन बुधवार को स्वयंसेवकों को रासायनिक प्रदूषण से होने वाली बीमारियों के कारण एवं निवारण के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर में रसायन विज्ञान के सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार ने स्वयंसेवकों को रासायनिक प्रदूषण से होने वाली बीमारियों के कारण एवं बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिलों एवं कारखानों से निकलने वाले रसायन नदियों में प्रवाहित कर दिए जाते हैं। जिस कारण जल प्रदूषित हो रहा है। जिस कारण कैंसर, अस्थमा एवं पेट से संबंधित बीमारियां आदि उत्पन्न होती है। इनसे बचने के लिए हमें खानपान का ध्यान रखना चाहिए। शिविर के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने शिवपुरी, प्रेमनगर व अजंता कॉलोनी में जनसंपर्क कर वहां के निवासियों की समस्याओं, पारिवारिक स्थिति, साक्षरता, स्वास्थ्य आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। अपने स्तर से उनको जागरूक करने का प्रयास किया। स्वयंसेवकों ने बस्ती की प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, सड़क व्यवस्था आदि का निरीक्षण कर टोलीवार रिपोर्ट तैयार कर कार्यक्रम अधिकारी संजीव कुमार को प्रेषित की। उक्त कार्य कल्पना चावला टोली का सराहनीय रहा। शिविर के दौरान नवीन कुमार, अमरजीत एवं स्वयंसेवक सिद्धांत, वैशाली, जाह्नवी, तनु त्यागी, अलीशा खान, मीनाक्षी, शेखर, रीनू आदि का विशेष सहयोग रहा।
आधार कार्ड बनवाए जाने की मांग की
मवाना। सजग प्रहरी उत्तर प्रदेश महिला शाखा द्वारा संयुक्त निदेशक बाल विकास पुष्टाहार के नाम एसडीएम को ज्ञापन देकर आधार कार्ड बनवाए जाने की मांग की है।
शाखा द्वारा कहा कि आगंनबाड़ी केंद्रों पर छह माह से छह वर्ष तक के समस्त लाभार्थियों को पोषाहार व अन्य योजनाओं का लाभ देने के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता निदेशालय ने कर दी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के समस्त ऐसे बच्चों के आधार कार्ड अद्यतन नहीं बने हैं। कई गर्भवती धात्री के पास भी आधार कार्ड नहीं हैं। जिस कारण प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से लाभार्थी वंचित रह जाएंगे। यह गंभीर मामला ही नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बड़ी समस्या भी होगी। शाखा मांग करती है कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आधार कार्ड बनवाने की विशेष व्यवस्था कराई जाए। जिससे सभी के आधार कार्ड बन सके तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकें। ज्ञापन देने वालों में मंडल महामंत्री रमन चौधरी, सीमा रानी, बबीता, अर्चना शर्मा, राजकुमारी, गुलप्रभा आदि थीं।