मेरठ। इंस्टाग्राम पर भगवान और महापुरुषों पर आपत्तिजनक पोस्ट से माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर अधिवक्ता कपिल कुमार प्रजापति को आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता ने भावनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाने में दी तहरीर में कपिल कुमार प्रजापति ने बताया कि कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम चलाते समय भगवान राम की आपत्तिजनक पोस्ट उन्हें दिखाई दी। उन्होंने पोस्ट करने वाले की आईडी खोली तो उसमें महाराणा प्रताप और डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत अन्य महापुरुषों की भी आपत्तिजनक पोस्ट थीं। एसके ऑफिशियल 10 के नाम की आईडी के कमेंट बॉक्स में उन्होंने विरोध जाहिर किया तो उसके समर्थन में अजिताभ गोमान नाम की आईडी से उन्हें धमकाया गया और अपमानजनक शब्द कहे गए। सृष्टि परमार नाम की आईडी से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। कपिल कुमार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस से की थी। सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।