मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के अलीबाग कॉलोनी में बुधवार शाम को सात साल की बच्ची को अगवा करने की कोशिश की गई। आरोपी बच्ची को गोद में उठाकर ले जाने लगा तो लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान लिसाड़ी गेट निवासी जाकिर के रुप में हुई है। आरोपी इससे पहले 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में जेल भेजा जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक अलीबाग कॉलोनी गली नंबर 33 निवासी सलमान फर्नीचर का कारोबार करता है। पीड़ित ने बताया कि शाम करीब चार बजे उनकी बेटी और बेटा घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान साइकिल पर सवार होकर आरोपी वहां पहुंचा। आरोपी ने बच्ची को नशीला पदार्थ सुंघा दिया और गोद में उठाकर बच्ची को ले जाने लगा। बच्ची की शोर मचाने पर राहगीरों ने आरोपी को पकड़कर धुनाई की। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आ गई। लोगों का कहना है कि आरोपी नशे में धुत था। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद