बीचबचाव के लिए आए लोगों से भी मारपीट
लावड़। नमाज पढ़कर लौट रहे खरदौनी गांव निवासी हसरत अली पर गांव के ही सात ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए। गांव के ही तीन ग्रामीणों ने बीचबचाव कराने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
मोहम्मद कैफ ने बताया कि उसके पिता हसरत अली 26 सितंबर की शाम नमाज पढ़कर ग्रामीणों से मशवरा कर रहे थे। आरोप है कि उनकी हाजी रियाजुद्दीन से किसी बात पर कहासुनी हो गई। वहां मौजूद ग्रामीणों ने बीचबचाव करा दिया। इसके बाद पिता घर के लिए चले तो रास्ते में शमीम के घर चले गए। पीछे से आ रहे रियाजुद्दीन, नूर मोहम्मद, मुस्तकीम, नासिर, नादिर, गुलजार और जुनैद ने उन पर हमला बोल दिया और लोहे की रॉड, सरिया आदि से वार कर घायल कर दिया।
शमीम, मुजीब व नाजिम ने बीचबचाव कराने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। चारों को घायल हालत में प्यारेलाल में भर्ती कराया गया है। सीओ शिव प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।