दौराला। दादरी गांव में रविवार सुबह एक पक्ष ने मामूली कहासुनी में दूसरे पक्ष के परिवार पर मकान मे घुसकर धारदार हथियारों व लाठी डंडों से हमला कर दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। हमले में पांच महिलाओं सहित 10 लोग घायल हुए है। घायलों में एक विकलांग महिला सहित छह की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसके चलते उन्हें दौराला सीएचसी से चिकित्सक ने घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
दादरी गांव निवासी राजू ने बताया कि दूसरे समुदाय के कुछ युवक लॉकडाउन का उल्लंघन करते है और आए दिन उनके दरवाजे पर खडे़ होकर गाली गलौज करते हैं। रविवार सुबह परिवार के लोग खेतों में मजदूरी करने के लिए गए थे। घर में प्रियंका पत्नी सतपाल, बबीता पत्नी राजू, बेटे मोंटी की पत्नी मीनू, सुनीता व वृद्धा अपाहिज मां कुसुम घर पर अपने काम कर रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवक दरवाजे के बाहर खड़े होकर गाली गलौज करने लगे। महिलाओं इसका विरोध किया। आरोप है कि युवक विकलांग मां के साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार लिए घर में घुस आएं और महिलाओं के साथ मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में महिलाओ सहित रामबीर, बिनेश, अजय, अंकित व मोहित सहित 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भर्ती कराया। जहां गंभीर हालत में राजबीर, बिनेश, अजय, अंकित मोहित व विकलांग मां कुसुम को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।