सरधना पुलिस ने एटीएम मशीन उखाड़ कर ले जाने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश गैस कटर की मदद से वारदात करते थे। गिरोह मेरठ के अलावा, बागपत, करनाल, आजमगढ़ समेत कई जिलों में लूट की वारदात कर चुका है।
पुलिस लाइन में एसएसपी अजय साहनी ने शुक्रवार को घटना का खुलासा किया। बताया कि लगातार पुलिस को सूचना मिल रहीं थी कि कुछ लोग रात में एटीएम केबिन में घुसकर चोरी और लूट की वारदात कर रहे हैं। सूचना पर सीओ सरधना पंकज सिंह और एसओ उपेंद्र मलिक ने बृहस्पतिवार रात केनरा बैंक बिनौली रोड के पास से चार लोगों को पकड़ा।
आरोपियों की वैगनआर कार में दो तमंचे और एक एक गैस कटर और सिलिंडर मिला। पूछताछ में पता चला कि आरोपी एटीएम से चोरी करने की फिराक में थे। इस दौरान तीन युवक बाइक से फरार हो गए। गिरोह का सरगना इकबाल है। उसने बताया कि डेढ़ साल पहले परतापुर में भी एटीएम मशीन से कैश चोरी का प्रयास किया था।
डेमो करके दिखाया
आरोपियों ने गैस कटर से एटीएम काटकर लूट करने का डेमो भी दिखाया। पूछताछ में बताया कि 30 सितंबर की रात थाना दोघट क्षेत्र में ग्राम पुसार में कैनरा बैंक के एटीएम की मशीन गैस कटर से काट कर उखाड़ी थी। पुलिस आ जाने पर भागना पड़ा। करनाल में भी एटीएम उखाड़ने का प्रयास किया था। आजमगढ़ में गार्ड को बेहोश कर एटीएम में लूट का प्रयास किया था। गिरफ्तार आरोपियों पर 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पकड़े गये आरोपी
-इकबाल पुत्र शौकत गांव लोई थाना फुगाना, मुजफ्फरनगर
-शाहरुख पुत्र नफेदीन उर्फ नफा गांव बिजाना थाना बुढ़ाना
-सलाउद्दीन पुत्र फिरोजुद्दीन गांव लोई थाना फुगाना
-गुलफाम पुत्र नजीर गांव लोई थाना फुगाना,
-खतौली निवासी इरफान व तीन अन्य फरार हैं