एटीएम के गार्ड ने आईजी दफ्तर के पास की फायरिंग
मेरठ। पुलिस महानिरीक्षक दफ्तर के पास एटीएम के गार्ड ने अपनी दोनाली बंदूक से फायरिंग कर सनसनी फैला दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसके दो साथियों को हिरासत में लिया है।
फूलबाग कॉलोनी निवासी कुलदीप दिल्ली रोड स्थित एटीएम पर गार्ड है। सोमवार शाम को वह पुलिस महानिरीक्षक दफ्तर के निकट सिक्योरिटी कंपनी में काम करने वाले अपने दो दोस्तों से मिलने पहुंचा। इस दौरान उसने अपनी दोनाली बंदूक से दो हवाई फायर कर सनसनी फैला दी। आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
आवाज आईजी ऑफिस तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। सीओ सिविल लाइन मौके पर पहुंचे। आरोपी मौके से फरार मिला, पुलिस मौके पर मिले उसके दोनों साथियों को थाने ले आई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हुई है। सीओ देवेश सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। फायरिंग क्यों की, यह आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही स्पष्ट होगा।
युवती ने थाने आकर किया हंगामा
गार्ड के जिन दो साथियों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, उनमें से एक की बहन रात में ही थाने पहुंच गयी और हंगामा कर दिया। पुलिस ने बताया कि उसके भाई ने घटना को छिपाने का प्रयास किया था। जबकि सीसीटीवी में वह कुलदीप के साथ दिख रहा है। काफी देर युवती हंगामा करती रही।