रविवार शाम को लगी आग में जली एटीएम मशीन से सुरक्षित निकाल कैश स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। कस्बे की जंबूद्वीप पुलिस चौकी के समीप स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में रविवार शाम शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। परंतु एटीएम में रखी लाखों की नकदी सुरक्षित बच गई। इससे बैंककर्मियों ने राहत की सांस ली।
रविवार शाम जंबूद्वीप के समीप स्थापित एटीएम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी देर बाद आग पर काबू पाया। पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को जांच टीम मौके पर पहुंची, जिसमें पाया गया कि बिजली के कारण हुए शाॅर्ट सर्किट से मशीन में आग लगी। मशीन का मानिटर व अन्य उपकरण जलने से लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
गनीमत यह रही कि एटीएम में रखे 23 लाख 93 हजार 400 रुपये सुरक्षित मिले। आग वहां तक नहीं पहुंच पाई। केवल दो-चार नोट आग बुझाने के दौरान पानी में भीग गए थे। टीम एटीएम में रखी नकदी को निकालकर अपने साथ ले गई है। उनका कहना है कि एटीएम को दुरुस्त कराकर शीघ्र सुचारू किया जाएगा। ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।