मवाना। मोहल्ला तिहाई निवासी साफिया पत्नी महबूब ने पांच महिलाओं को नामजद करते हुए घर में घुसकर मारपीट करने तथा उसकी पुत्री का चेहरा बिगाड़ने की नीयत से तेजाब डालने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
साफिया पत्नी महबूब ने बताया कि उसकी बहन रुखसाना अपनी समधन के लड़के के लिए उसकी लड़की का रिश्ता मांग रही थी। उसने इनकार कर दिया। जबसे उसकी बहन उससे रंजिश मानने लगी तथा भुगत लेने की धमकी दी। उसने बहन समेत पांच महिलाओं को नामजद करते हुए कहा कि 27 सितंबर की शाम को आरोपी घर में घुस आई तथा गालीगलौज की। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसकी पुत्री बचाने आई तो उसके चेहरे पर तेजाब डालने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए तथा पुलिस को फोन किया। पुलिस को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।