मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र के मछेरान में मुखबिरी के शक में शुक्रवार शाम कांग्रेसी नेता पर फायर कर दिया। उसने किसी तरह भागकर जान बचाई। पीड़ित शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो उसे टरका दिया। वहीं, हमलावर चरस माफिया का बेटा बताया जा रहा है।
मछेरान निवासी हाशिम पुत्र कासिम कांग्रेस नेता है। वह शुक्रवार शाम करीब सात बजे घर लौट रहा था। इसी दौरान एक युवक ने गालीगलौज कर तमंचे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि हाशिम को गोली नहीं लगी। हाशिम जान बचाने के लिए घर की ओर दौड़ा। इसके बाद हाशिम कुछ लोगों के साथ रेलवे रोड थाने पहुंचा। बताया कि पुलिस ने जांच के नाम पर उसे टरका दिया। हाशिम ने बताया कि आरोपी ने करीब 15 दिन पहले भी उसे रास्ते में रोककर मारपीट की कोशिश की थी। आरोपी को उस पर मुखबिरी करने का शक है। उधर, रेलवे रोड पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जताई है।