बागपत के रमाला थानाक्षेत्र में सोमवार को हरियाणवी और देहाती फिल्म के निर्माता-निर्देशक की पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं मृतक के बेटे ने एक युवक को नामजद व दो तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जिवाना गांव निवासी संसार सिंह पंवार (70) पुत्र अजब सिंह देहाती फिल्मों के निर्माता-निर्देशक थे। बेटे संदीप ने बताया कि सोमवार की सुबह पांच बजे के लगभग घर से पड़ोसी देशपाल के घर पर नलकूप की चाबी लेने गए थे। इसी दौरान कार में सवार होकर सागर पुत्र रविंद्र व दो-तीन अज्ञात युवक और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।
आरोपी सागर ने देशपाल के घर पर ही तमंचे से उसके पिता को गोली मार दी। छाती में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी कार में सवार होकर भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सीओ रमाला अनुज चौधरी फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। सीओ ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुरानी रंजिश में की गई हत्या
मृतक के भतीजे आलविन ने 14 साल पहले आरोपी सागर के पिता राजेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आलविन जेल में बंद है। उसी समय से दोनों उनकी रंजिश चल रही थी। मृतक के बेटे संदीप ने आरोपी सागर को नामजद व 2-3 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते हत्या की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुर्ई है। पुलिस ने शामली जनपद में कई जगह दबिश दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
'धाकड़ छोरा' फिल्म के सहायक निर्देशक रहे
जिवाना गांव निवासी संसार सिंह पंवार देहाती फिल्मों के निमार्ता-निर्देशक थे। देहाती फिल्म धाकड़ छोरा में वह सहायक निर्देशक रहे। देहाती फिल्म पारो तेरे प्यार के निर्माता और बुद्धू राम फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी थी। बॉलीवुड की फिल्म किसान और भगवान एवं अमिताभ बच्चन की शराबी फिल्म में भी भूमिका निभाई। इसके अलावा कई धारावाहिकों में भी काम किया।
परिवार में मचाकोहराम
मृतक संसार सिंह पंवार की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उनके दो बेटे व दो बेटियां है। उन्होने बेटों व बेटियों की शादी कर रखी है। घर पर शोक संवेदना देने वालों की भीड़ लगी हुई है।