मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरीना क्रिकेट ग्राउंड पर बृहस्पतिवार को गट्स एंड ग्लोरी कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में स्पोर्ट्स एक्स और असॉल्ट वॉरियर की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। असॉल्ट वॉरियर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर असॉल्ट वॉरियर ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए स्पोर्ट्स एक्स की टीम ने 20 ओवर में 170 रन बनाए। अनंत अलग ने 48 गेंदों में 72 रन और राघव राशी ने 34 गेंदों में 46 रन का योगदान दिया। असॉल्ट वॉरियर की ओर से सौरभ कसाना और बाबा यागा ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए असॉल्ट वॉरियर ने मात्र 16.4 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। बाबा ने 47 गेंदों में छिहत्तर रनों की शानदार पारी खेली। अरुण चौधरी ने 21 गेंदों में 27 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।
स्पोर्ट्स एक्स की ओर से विवेक ने दो विकेट झटके। वरुण और योगेश माहली को एक-एक विकेट मिला। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए बाबा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। समापन पर गेम सिटी एरेना के महा प्रबंधक नलिन अग्रवाल ने विजेता टीम असॉल्ट वॉरियर को बधाई दी। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की।