सरधना। गांव पिठलोकर के असलम हत्याकांड में शामिल पांच नामजद आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं, परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपियाें के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने मृतक के परिजनों सांत्वना दी और पुलिस अधिकारियों से बात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीण किसान संगठन के साथ थाने पर जमे रहे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बृहस्पतिवार को सरधना गंगनहर के पास गन्ने से लदा ट्रक पलट गया था। गांव पिठलोकर निवासी असलम अपने पिता इस्तकार और ताऊ जब्बार के साथ लटे ट्रक से दूसरे ट्रक में गन्ने लादने के लिए बाइक पर सवार होकर गंगनहर पर पहुंचा था। जाम के चलते आरोपी ऋतिक पुत्र बाेबी की बाइक में साइड लगने पर कहासुनी हो गई थी। मौके पर लोगों बचाव करा दिया था। कुछ देर बाद आरोपी अपने चार अन्य साथियों के साथ लाठी-डंड़े लेकर पहुंचा और असलम को पीटना शुरू कर दिया।
पिता इस्तकार व ताऊ जब्बार को भी आरोपियों ने जमकर पीटा। पुलिस ने आरोपी ऋतिक को उसकी बाइक सहित मौके से हिरासत में ले लिया था। उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे। वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान असलम की मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने देर रात थाने पर घेराव करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग थी। कई किसान संगठन भी थाने पर जमे रहे।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद असलम का शव गांव में पहुंचा। शव देख परिजनों में कोहराम मचा गया। परिजनों को सांत्वना देने के लिए जनप्रतिनिधियों का आना-जाना रहा। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। पुलिस इस मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को जेल भेजा जएगा।