इंडोनेशिया के जकार्ता में 18 अगस्त से शुरू हुए एशियन गेम्स 2 सितंबर को संपन्न हो रहे हैं। देश के सभी खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर रिकार्ड तोड़े और बनाए। इन खिलाड़ियों में पश्चिमी यूपी के आठ खिलाड़ियों ने भी अपने खेल में दमखम दिखाया। पहले दिन दिन शूटिंग में देश को भैंसा गांव निवासी रवि कुमार ने अपूर्वी चंदेला के साथ कांस्य पदक दिलाया। शूटर सौरभ चौधरी ने स्वर्ण पदक पर अचूक निशाना लगाया। उधर शार्दुल विहान ने सिल्वर जीता। सीसीएसयू की खिलाड़ी मुजफ्फरनगर निवासी दिव्या काकरान ने कांस्य पदक जीता।
सिवाया निवासी शूटर शार्दुल विहान 1 सितंबर से कोरिया में शुरू होने वाली आईएसएसएफ चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। वह साउथ कोरिया पहुंच चुके हैं। वहीं कलीना गांव निवासी शूटर सौरभ चौधरी भी साउथ कोरिया में हो रही 52वीं आईएसएसएफ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप के लिए वहां पहुंच चुके हैं। स्किट शूटर सिराज शेख 9 सिंतबर को कोरिया के लिए रवाना होंगे। शूटर शहजर रिजवी भी साउथ कोरिया में निशाना लगाने पहुंच चुके हैं। मनु अत्री ने एशियन गेम्स में अपने मुकाबले में अंतिम क्षणों तक भरपूर प्रयास किया पर पदक से चूक गए।
मुजफ्फरनगर की पहलवान दिव्या काकरान के पिता सूरजवीर सिंह ने बताया 05 सितंबर को दिव्या को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित करेंगे। इसके लिए उन्हें 05 सितंबर को दिल्ली आने का न्यौता मिला है। प्रधानमंत्री के हाथों सम्मानित होने को लेकर परिवार में सभी खुश हैं। बताया कि यह दूसरा मौका है जब पीएम मोदी से दिव्या मुलाकात करेंगी। दिव्या काकरान 22 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक हंगरी वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपने दांव पेंच दिखाने के लिए तैयार हैं। पिता सूरजवीर सिंह ने बताया कि दिव्या के पैर में अभी चोट है इलाज चल रहा है।
सिल्वर मेडल के साथ मेरठ लौटे आरवीसी के जांबाज
- फोटो : अमर उजाला
एशियन गेम्स में घुड़सवारी में रजत पदक दिलवाकर देश और जिले का नाम रोशन करने वाले राकेश कुमार का कंकरखेड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। अर्जुन चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिवचौक पर आयोजित कार्यक्रम में राकेश कुमार को फूूल मालाएं पहनाईं। भाजपा मंडल अध्यक्ष ओपी सिंह, भाजपा युवा नेता अंकुर ठाकुर, बबलू चौधरी, विकास बालियान मौजूद रहे।