इक्वेस्टेरियन फेडरेशन ऑफ इंडिया (ईएफआई) ने जकार्ता में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों के लिए सात भारतीय घुड़सवारों को चुना था। ये सभी घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ जकार्ता पहुंच चुके हैं। और ये जांबाज अपना दमदार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
सात घुड़सवारों में तीन आरवीसी के जांबाज
ईएफआई के सेक्रेट्री जनरल कर्नल राजेंद्र कुमार स्वैन बताते हैं कि भारत के सातों घुड़सवार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस टीम से पदक की बड़ी उम्मीदें हैं। इवेंटिंग में आरवीसी के जितेंद्र सिंह, राकेश कुमार और एएससी के मेजर आशीष मलिक हैं। इनके अलावा दो सगे भाई जिहान सितलवाड़ और इवान सितलवाड़, फहाद मिर्जा और चेतन रेड्डी भी शामिल हैं। फहाद कई साल से जर्मनी में ट्रेनिंग ले रहे थे।
कर्नल राजेंद्र कुमार के अनुसार आरवीसी के तीनों घुड़सवार फ्रांस में घुड़सवारी की तकनीक सीख रहे थे। और बेहतर प्रदर्शन के लिए अभ्यास कर रहे थे। ये सभी अब जकार्ता पहुंच चुके हैं। कर्नल स्वैन बताते हैं कि 23 से 26 तारीख तक इवेंटिंग के मुकाबले होंगे। इसके बाद 28 और 30 तारीख को शो जंपिंग मुकाबले होंगे। ड्रेसाज में किसी के भी क्वालीफाई नहीं करने पर इस इंवेट को छोड़कर क्रॉस कंट्री और शो जंपिंग में भारतीय घुड़सवार हिस्सा लेंगे।
खिलाड़ियों से पदक की पूरी उम्मीद
आरवीसी के कर्नल मंगल सिंह बताते हैं कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस बार हमारे घुड़सवार गोल्ड जीतकर लाएंगे। इससे पहले घुड़सवारी में भारतीय टीम ने सन 1982 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच मेडल जीते थे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/