के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। गंगा का जलस्तर कम होते ही गंगा किनारे सरकारी भूमि पर कब्जों को लेकर भूमाफिया एक बार फिर सक्रिय होने लगे हैं। इस मामले में क्षेत्र के गांव जलालपुर जोरा निवासी दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर मामले की शिकायत की और भूमाफिया पर कार्रवाई की मांग की।
गांव जलालपुर जोरा में सरकारी और लगानी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे किसान नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में जयपाल सिंह, सुक्खे सिंह, इंदल, भारत सिंह, ज्ञान सिंह, तिलक राम, राजवीर, रकम सिंह आदि ने जिलाधिकारी कार्यालय पर शिकायत देते हुए कहा कि भूमाफिया पर प्रशासन मेहरबान हैं। थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर जोरा व किशोरपुर, दुपडी चाव, हटपुरा, मामीपुर व रसूलपुर आदि गांव के जंगल में वन विभाग व गंगा नदी जमीन व बूढ़ी गंगा के नाम अभिलेखों में अंकित भूमि पर भूमाफिया द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। इसे लेकर गांव में रंजिश का माहौल है।
जलालपुर जोरा गांव के खाता संख्या 272 की 138 हेक्टेयर जमीन व उक्त गांव की हजारों हेक्टेयर भूमि पर भूमाफिया का कब्जा है। गंगा का जलस्तर कम होने के बाद भूमाफिया ने अवैध रूप से सरकारी भूमि पर राजस्व निरीक्षक व तहसील प्रशासन की मिलीभगत से अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने शिकायत में कुछ भूमाफिया के नाम भी दिए और कहा कि लगभग 200 से अधिक लोगों ने इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। ग्रामीणों ने मांग की कि भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई कर गांव जलालपुर जोरा और आसपास की लगभग 1444 हेक्टेयर सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाया जाए। पीड़ित किसानों ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर गांव में रंजिश का माहौल है और लगातार विवाद बढ़ते जा रहे हैं। अगर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो कोई भी घटना घटित हो सकती है।