तारापुर में स्थित सहकारी समिति रठौरा कला पर यूरिया खाद लेते किसान स्रोत संवाद
- किसानों ने ली राहत की सांस
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। क्षेत्र की सहकारी समितियों पर यूरिया खाद पहुंचने के बाद वितरण शुरू कर दिया गया है। इसके बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। कई दिनों से यूरिया की कमी से परेशान हो रहे किसानों को अब समितियों से खाद मिलने लगी है।
बुधवार सुबह से ही रठौरा कला, लतीफपुर, गणेशपुर आदि विभिन्न सहकारी समितियों पर किसानों की भीड़ लगी रही और पोस मशीन के माध्यम से निर्धारित मानक के अनुसार यूरिया का वितरण किया गया। पिछले कई दिनों से सहकारी समितियों पर यूरिया उपलब्ध न होने के कारण किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। किसान खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे थे और निजी दुकानों से महंगे दामों पर खरीदने को मजबूर थे। मामले की शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मंगलवार को क्षेत्र की सभी सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध करा दी गई। इसके बाद बुधवार सुबह से वितरण शुरू कर दिया गया। सहकारी समितियों पर खाद लेने पहुंचे किसानों ने राहत की सांस ली।
किसान अमित कुमार, सुनील कुमार, संतु सिंह और प्रदीप मान ने बताया कि यूरिया की कमी के चलते अब तक गन्ने की फसल में खाद नहीं डाल पाए थे। अब समिति से यूरिया मिलने के बाद फसलों में संतुलित मात्रा में खाद का प्रयोग किया जाएगा। इस मामले में अधिकारियों ने किसानों से जरूरत के अनुसार ही यूरिया लेने की अपील की है। साथ ही कहा कि किसी भी किसान को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। किसानों को यूरिया का अनावश्यक भंडारण न करने की सलाह दी गई, ताकि सभी जरूरतमंद किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।