रोहटा। गांव जटपुरा में विवाद के बाद उपचार के दौरान सोहनवीर की मौत पर गिरफ्तारी की मांग करते ग्र
रोहटा। गांव जटपुरा में हमले में घायल होने के बाद जान गंवाने वाले सोहनवीर का शव बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर हंगामा किया। सूचना पर रोहटा, सरधना और सरूरपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
विरोध कर रहीं महिलाओं को रोहटा थाना प्रभारी निरीक्षक पूनम जादौन ने समझा-बुझाकर शांत कर शीघ्र बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया।
बता दें कि रोहटा थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी रामबीर अपने मकान का निर्माण करवा रहा था। मकान के बाहर छज्जा निकालने को लेकर फूल कुमार पक्ष विरोध कर रहा था। 2 अगस्त को रामबीर का बेटा रवि और भतीजा पंकज जब मकान की सेटरिंग का सामान लगा रहे थे, तभी फूल कुमार पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया था। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। हमले के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया था। एसडीएम कोर्ट में पेश करने के कुछ समय बाद ही रामबीर की तबीयत बिगड़ गई थी और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। रामबीर की मौत से आक्रोशित परिजनों ने रोहटा थाने पर धरना प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इसी मामले में रामबीर के घायल भाई सोहनवीर का इलाज सुभारती अस्पताल में चल रहा था। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दोनों भाइयों की मौत से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है।