मवाना (मेरठ)। एएस पीजी काॅलेज में चल रही चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय अंतरमहाविद्यालय वालीबाल प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। इसमें एएस पीजी कॉलेज की एकमात्र ऐसी टीम रही, जिसने सभी नाॅकआउट व लीग मैच जीते व पुरुष वर्ग में विजेता होने का खिताब प्राप्त किया।
एएस पीजी काॅलेज के शारीरिक शिक्षा प्रभारी व आयोजक सचिव दुलीचंद महला ने बताया कि शुक्रवार को अंतिम दिन पुरुष वर्ग का प्रथम मैच कृषक पीजी काॅलेज मवाना व जेवी काॅलेज बड़ौत के बीच हुआ। इसमें कृषक पीजी काॅलेज 3-0 से विजयी रहा।
द्वितीय मैच एएस पीजी काॅलेज व जेवी काॅलेज बड़ौत के बीच हुआ। इसमें एएस पीजी काॅलेज 3-0 से विजयी रहा। तृतीय मैच कृषक पीजी काॅलेज व एनसीपीई नोएडा के मध्य हुआ। इसमें कृषक पीजी काॅलेज 3-0 से विजयी रहा। लीग के तीसरे स्थान के लिए मैच एनसीपीई नोएडा व जेवी काॅलेज बड़ौत में हुआ। इसमें एनसीपीई 3-1 से विजयी रहा।
अंतिम लीग मैच एएस पीजी कॉलेज व कृषक पीजी काॅलेज में हुआ। इसमें एएस पीजी काॅलेज 3-0 के अंतर से जीत लिया। कृषक पीजी काॅलेज द्वितीय स्थान, एनसी पीई नोएडा ने तृतीय तथा जेवी काॅलेज बड़ौत चौथे स्थान पर रही।
महिला वर्ग का प्रथम मैच एमएमएच काॅलेज गाजियाबाद व सीसीएस कैंपस, मेरठ के मध्य हुआ। इसमें सीसीएस 2-0 से विजयी रहा। द्वितीय मैच एनसीपीई नोएडा व आरआईटी मवाना खुर्द के मध्य हुआ। इसमें एनसीपीई 2-0 से विजयी रहा। तृतीय मैच एमएमएच काॅलेज गाजियाबाद व आरआईटी मवाना खुर्द के मध्य हुआ। इसमें आरआईटी 2-0 से विजयी रहा। महिला वर्ग का अंतिम लीग मैच सीसीएस कैंपस मेरठ व एनसीपीई नोएडा के मध्य हुआ। इसमें एनसीपीई नोएडा 2-0 के अंतर से विजयी रही।
अंकों के आधार पर महिला वर्ग में एनसीपीई नोएडा प्रथम, सीसीएस कैंपस द्वितीय, आरआईटी मवाना खुर्द तृतीय व एमएमएच काॅलेज गाजियाबाद की टीम चौथे स्थान पर रही।
पुरुष व महिला वर्ग की विजेता व उपविजेता टीमों को ट्राॅफी व खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय वालीबाल खिलाड़ी रजत चौधरी व विशिष्ट अतिथि दीपक कुमार सचिव प्रबंध समिति रहे।