मेरठ। गेम सिटी एरेना क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे जूनियर अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को एएस क्रिकेट एकेडमी और जीसीए क्रिकेट एकेडमी के बीच मैच हुआ। इसमें एएस क्रिकेट एकेडमी ने जीत हासिल की।
टॉस जीतकर जीसीए क्रिकेट एकेडमी ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया लेकिन एएस क्रिकेट एकेडमी के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। निर्धारित 40 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर टीम ने 259 रन का मजबूत स्कोर बना दिया। टीम की ओर से तेजस उपाध्याय ने 60 रन की पारी खेली। लकी ने 37 और दिशांत ने 30 रन बनाए। जीसीए क्रिकेट एकेडमी की ओर से वैशाली ने तीन विकेट झटके, जबकि रिया और किशन भाटी ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीसीए की टीम 32.5 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से रिया भाटी ने 69 रन की जुझारू पारी खेली। एएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से आरव सिंह ने चार विकेट हासिल किए। अरबाज, अयरान खान, दिशांत, शिवम और आर्यन ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। आरव सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। इस जीत के साथ ग्रुप-ए से आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी और एएस क्रिकेट एकेडमी ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। आयोजक एवं गेम सिटी एरीना के नलिन अग्रवाल ने टीमों को बधाई दी।