सोने का सेट बनाने के लिए दिया था 150 ग्राम सोना
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। देहली गेट थाना क्षेत्र से सराफ का 8.50 लाख रुपये का लगभग 150 ग्राम सोना लेकर बंगाल निवासी कारीगर फरार हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। सराफ ने थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देहली गेट क्षेत्र में धोबी मस्जिद के पास रहने वाले शेख शरीफुल हुसैन ने बताया कि वह दुकानदारों से सोना लेकर सोने के आभूषण बनवाते हैं। इसके लिए उन्होंने कारीगर अपने यहां लगा रखे हैं। जो उनके पास बैठकर मजदूरी पर आभूषण बनाते हैं। पांच अक्तूबर को उन्हें 150 ग्राम के सोने का सेट बनाने का ऑर्डर मिला था। उन्होंने यह सोना अपने पास काम कर रहे कारीगर अनिलकुल शेख निवासी गांव बागोजहोरिया, थाना सूर्ति द्वितीय, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल को दिया था।
ऑर्डर के अनुसार गले का हार, कुंडल का सेट बनाने के लिए कहा था। अनिलकुल ने 12 अक्तूबर को सेट बनाकर देने की बात कही थी। सात अक्तूबर को जब वह बाजार गए हुए थे, तब बिना किसी को कुछ बताए अनिलकुल शेख 150 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया। उन्हें घर वापस आने पर पता चला। अन्य कारीगरों ने पूछने पर बताया कि अनिलकुल काफी देर से गुम है। सराफ ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सराफ की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वर्ष सोना लेकर फरार होने के बड़े मामले
9 जून को सदर सराफा बाजार से सराफ संदीप शिंदे का 11 लाख की कीमत का सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर फरार।
9 मई को देहली गेट थाना क्षेत्र के जत्तीवाड़ा से सराफ सागर मल का चार लाख का सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर फरार।
12 अगस्त को देहली गेट थाना क्षेत्र की नील गली से सराफ संजय रस्तोगी का 205 ग्राम सोना लेकर स्वामीपाड़ा निवासी कारीगर फरार।
20 अगस्त को सदर बाजार क्षेत्र से थापर नगर निवासी सराफ सतीश का 245.81 ग्राम सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर फरार।
9 सितंबर को देहली गेट थाना क्षेत्र की नील गली निवासी सराफ हैदर अली का पार्टनर उत्तम कुंडलिक करीब दो करोड़ का सोना लेकर फरार।