नाबालिग के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
लावड़। कस्बे से एक नाबालिग युवती का कार में अपहरण कर ले जाने के मामले में लावड़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर युवती को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। इस पूरे प्रकरण में कई अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने नाबालिग युवती के बयान करा दिए हैं और मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी इंचौली वरुण शर्मा ने बताया कि नाबालिग युवती को बरामद कर लिया है। किशोरी को कार में अपने साथियों के साथ ले जाने वाले निषाद उर्फ गुड्डू पुत्र उम्मेद निवासी पुरानी पानी की टंकी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के साथ उसके साथी बिलाल पुत्र बहाव, अनस पुत्र अखलाक निवासी लावड़ व अनस पुत्र मोबीन मोदीपुरम भी घटना में शामिल थे, जिनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। लावड़ चौकी प्रभारी सोमनाथ राय का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया जाएगा। मामला अलग-अलग समुदाय का होने के कारण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी और किशोरी को बरामद कर लिया।