सरधना। सीएचसी में नगर पालिका द्वारा अलाव की व्यवस्था करा दी गई है। कड़ाके की सर्दी के चलते सीएचसी में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। सीएचसी में सरधना कस्बा समेत करीब 50 से अधिक गांवों के मरीज उपचार के लिए आते हैं।
मंगलवार को जब अमर उजाला की टीम ने सीएचसी में पड़ताल की तो भर्ती मरीजों के तीमारदार सर्दी का प्रकोप झेलते हुए मिले। इस समाचार को अमर उजाला ने बुधवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बुधवार को सीएचसी में अलाव के लिए लकड़ी की व्यवस्था कराई।
सरधना सीएचसी में बीते मंगलवार की रात करीब 16 गर्भवती प्रसव के लिए भर्ती थी। इनके साथ करीब 35 तीमारदार भी सीएचसी में आए थे। मरीजों के लिए तो वार्ड में हीटर की व्यवस्था थी, लेकिन तीमारदार सर्दी का प्रकोप झेलते हुए अपने आप को बचाने के लिए परिसर में इधर-उधर घूम रहे थे। तीमारदारों की इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। इसके चलते बुधवार को नगर पालिका ने सीएचसी में अलाव की व्यवस्था की। तीमारदार शौकीन, मीना देवी, मंजू और आरिफ ने आमजन की समस्या को उठाने के लिए अमर उजाला का आभार व्यक्त किया।