चुनावी नतीजों का सभी को बेसब्री से इंतजार है। सरकार किसकी बनेगी। किस पार्टी को कितनी सीट मिलेंगी, इस पर सबकी नजर है। 11 मार्च को रिजल्ट आ जाएगा। पिक्चर साफ हो जाएगी, लेकिन नतीजों के बाद के माहौल को देखते हुए सेना एहतियाती अलर्ट पर है। वेस्ट यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर या अन्य किसी जिले में क्विक रिस्पांस के लिए सेना तैयार है। सैन्य अधिकारी भी इनपुट ले रहे हैं। माहौल पर उनकी बारीकी से नजर है।
इस बार के विधानसभा चुनाव में सुरक्षा की कमान पुलिस और पीएसी के बजाय केंद्रीय पैरा मिलिट्री फोर्स (सीपीएमएफ) के हवाले रही थी। जिसके चलते मतदान शांतिपूर्वक निपटा। अब बारी नतीजे की है। अक्सर चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों के भिड़ने और माहौल खराब होने की आशंका बनी रहती है। वैसे भी मतगणना के बाद होली का त्योहार सिर पर है। ऐसे में कोई शरारत या हरकत माहौल न बिगाड़ दे। इसको लेकर पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है।