हापुड़ अड्डा चौराहे पर एसपी सिटी तैनात
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एक आर्मी अफसर की बेटी लापता हो गई तो पुलिस में हड़कंप मच गया। बड़ी बात यह है कि पुलिस रातभर तलाशती रही लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जानें इसके बाद क्या हुआ।
मेरठ में गढ़ रोड पर नौचंदी क्षेत्र से बृहस्पतिवार रात आर्मी सूबेदार की 16 वर्षीय छात्रा लापता हो गई। वह कोचिंग पढ़ने इंस्टीट्यूट आई थी। सूचना पर एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। रात में पुलिस और आर्मी के जवान छात्रा की तलाश में जुटे रहे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी पुलिस जांच कर रही है।
मुरादाबाद निवासी एक आर्मी अफसर मेरठ में तैनात हैं। वह कैंट इलाके में रहते हैं। उनकी 16 वर्षीय बेटी एक सेंट्रल स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा है। जबकि छात्रा का छोटा भाई कक्षा नौ में पढ़ता है। बृहस्पतिवार शाम छात्रा अपने भाई के साथ कैब से गढ़ रोड पर कोचिंग सेंटर गई थी। शाम करीब 7.15 बजे छात्रा की क्लास छूटी। छोटा भाई पहले आकर कैब के पास उसका इंतजार कर रहा था। काफी देर तक छात्रा नहीं आयी। छात्रा के लापता होने के बाद इंस्टीट्यूट में हड़कंप मच गया। बेटे ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। छात्रा के पिता अपने स्टाफ के साथ नौचंदी थाने पहुंचे। रात में पुलिस और आर्मी के जवानों ने कोचिंग सेंटर और आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। एसपी सिटी मान सिंह चौहान, सीओ सिविल लाइन गजेंद्र्र्रपाल सिंह, एसओ नौचंदी उमेशचंद पचौैरी मौके पर पहुंचे। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।