मेरठ। सदर बाजार पुलिस ने रविवार को हथियारों के दो सौदागरों को दबोचा है। उनके पास से पांच पिस्टल व एक कार बरामद की गई हैं। पुलिस दोनों का रिकार्ड खंगालने में जुटी है। पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार किनको सप्लाई होने थे।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को सूचना पर रजबन के पास चेकिंग के दौरान रोका गया। कार की तलाशी ली गई तो चार पिस्टल .32 बोर, एक पिस्टल .30 बोर, पांच कारतूस .30 और 15 कारतूस .32 बोर जब्त किए गए। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम जितेंद्र पुत्र बिजेंद्र निवासी ग्राम रजपुरा गंगानगर और नरेंद्र उर्फ विवेक पुत्र गजेंद्रपाल सिंह निवासी श्रद्धापुरी फेस-1 कंकरखेड़ा बताए। दोनों ने बताया कि वे हथियारों के सौदागर हैं और यहां पिस्टल बेचने आए थे। हालांकि पिस्टल किसको बेचनी थी, इसका खुलासा उन्होंने नहीं किया। वह बार-बार एक ही सवाल का बदल-बदलकर जवाब देते रहे।
वारदात का तो नहीं था इरादा
पुलिस के अनुसार दोनों युवक पिस्टल बेचने का काम करते हैं। लेकिन केवल इस बात पर विश्वास नहीं किया जा सकता। कहीं यह दोनों युवक किसी वारदात की फिराक में तो नहीं थे? यही नहीं जिस व्यक्ति को यह पिस्टल बेचने आए थे, कहीं वह व्यक्ति तो किसी वारदात के इरादे से तो पिस्टल नहीं खरीद रहा था। काफी संख्या में कारतूस मिलना वारदात की ओर भी इशारा करता है।
पूछताछ चल रही है
चेकिंग के दौरान कार सवार दो युवकों को पकड़ा गया, जिनसे पिस्टल बरामद हुई हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है। उस शख्स की तलाश भी शुरू कर दी गई है, जिसको पिस्टल बेचने आए थे। -हरिमोहन सिंह, सीओ कैंट