तीरंदाज चमन सिंह ने आश्रम पहुंचकर लिया कुलाधिपति से आशीर्वाद
जानीखुर्द। बीएसएफ में तैनात सिपाही चमन सिंह लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित होने के बाद शनिवार को अपने गांव टीकरी पहुंचे। गुरुकुल प्रभात आश्रम में चमन सिंह का वैदिक रीति के अनुसार ब्रह्मचारियों ने स्वागत किया। आश्रम के कुलाधिपति स्वामी विवेकानंद सरस्वती से चमन सिंह ने आशीर्वाद लिया। गांव टीकरी निवासी चंद्रपाल उपाध्याय के पुत्र चमन सिंह ने वर्ल्ड पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में सोना जीता है। चमन सिंह ने तीरंदाजी खेल की शिक्षा गुरुकुल प्रभात आश्रम से ली है। शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चमन सिंह को लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया था। शनिवार को चमन सिंह गुरुकुल प्रभात आश्रम पहुंचे। आश्रम में कुलाधिपति स्वामी विवेकानंद सरस्वती महाराज ने चमन सिंह को तीरंदाजी में देश का सम्मान और बढ़ाने का आशीर्वाद दिया। अब तक गुुरुकुल प्रभात आश्रम के चार ब्रह्मचारी लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित हो चुके हैं।
वहीं, चौ. इलम सिंह जन विद्यापीठ इंटर कॉलेज सतवई में कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित चमन सिंह का शनिवार को स्वागत किया गया। कॉलेज प्रधानाचार्य व सिवाल खास से विधायक जितेंद्र सतवई ने शॉल और प्रतीक चिन्ह देकर चमन सिंह को सम्मानित किया। चमन सिंह ने छात्रों को अपने तीरंदाजी खेल के शीर्ष पर पहुंचने के दौरान हुए अनुभव को छात्रों के साथ साझा किया। विधायक जितेंद्र सतवई के अनुसार चमन सिंह ने 10वीं तक की शिक्षा चौ. इलम सिंह जन विद्यापीठ इंटर कॉलेज से ही प्राप्त की है। इस दौरान नीरज पूनिया, अभिमन्यु सांगवान, चंद्रपाल, राधेश्याम शास्त्री, सुबोध सतवई, प्रेमपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।