प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने की शांति समिति की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना/हस्तिनापुर/किठौर। थाना परिसर में शांति समिति की बैठक में उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने महाशिवरात्रि, कांवड़ शिविर संचालकों व रमजान और होली के मद्देनजर सभी से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक कांवड़ रूट पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। कांवड़ सेवा शिविर संचालकों को निर्देश दिए गए कि वह अनुमति लेकर ही शिविर लगाएं और सुरक्षा व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
कांवड़ यात्रा के दौरान कस्बे के अंदर और नहर पटरी मार्ग पर ओवरलोड वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। एसडीएम व सीओ ने शीघ्र बैठक कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम ने व्यापारियों से रविवार तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया। डीजे संचालकों को निर्धारित डेसिबल सीमा में ही ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।
हस्तिनापुर थाने में एसडीएम संतोष कुमार ने कहा कि होली और ईद आपसी सौहार्द और भाईचारे के प्रतीक हैं। सभी लोग गिले-शिकवे भुलाकर प्रेमपूर्वक त्योहार मनाएं। उन्होंने अपील की कि शराब का सेवन न करें और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाएं। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि पर्वों को देखते हुए नगर में भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
किठौर में थाने में बुधवार को सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह और थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने शांति समिति की बैठक में महाशिवरात्रि पर्व और रमजान को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। कहा कि सभी समुदायों के लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं और किसी भी अफवाह पर यकीन न करें।