धार्मिक स्थल पर मांस फेंकने से तनाव
बागपत में शाहपुर बाणगंगा मार्ग पर स्थित बरनावा के भूमिया देव मंदिर में असामाजिक तत्वों के मांस के टुकड़े फेंकने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण, हिंदू संगठन के लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। सूचना पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह उन्होंने समझा बुझाकर लोगों को शांत किया। इस संबंध में मंदिर के महंत आनंद मुनि ने लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
मंगलवार की सुबह बरनावा गांव के श्रद्धालु राज कुमार त्यागी भूमिया देव मंदिर में जल चढ़ाने गए तो मंदिर में मांस के टुकड़े पड़े थे और भूमिया पर भी मांस का टुकड़ा पड़ा था। उसने इसकी सूचना मंदिर के महंत आनंद मुनि को दी। सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण, हिंदू संगठन के लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखकर थाना प्रभारी बिनौली चंद्रकांत पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
इस घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। थाना प्रभारी ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाया कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा यह घटना की गई है और वे फिजा बिगाड़ना चाहते थे। उन्होंने सभी लोगों को शांति बनाने की अपील की और कहा शीघ्र ही असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया जाएगा और किसी को भी धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाने दी जाएगी। बिनौली थाने में मंदिर के महंत आनंद मुनि ने रिपोर्ट दर्ज कराई।