मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के पचगांव पट्टी अमर सिंह गांव के जंगल में प्रभु दयाल नाथ महाराज की समाधि को सोमवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इस समाधि के पास होली और दीपावली पर भंडारा किया जाता है।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण भीम और खूब सिंह माथा टेकने यहां पहुंचे तो समाधि क्षतिग्रस्त थी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्राम प्रधान सतीश शर्मा भी यहां पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल की और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ मिलकर समाधि की मरम्मत कराई।
गांव निवासी बबलू जाटव ने बताया कि प्रभु दयाल नाथ ने 21 मार्च 1968 को शरीर त्यागा था। इसके बाद उनकी याद में समाधि बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि फिलहाल ग्रामीणों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है लेकिन पुलिस की तीन टीमें गठित कर असामाजिक तत्वों की तलाश की जा रही है। संवाद