मेरठ। शासन के निर्देश पर जिले में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को पेंशन योजना से जोड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस योजना के तहत 10369 लोगों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान शहरी क्षेत्र में 15 जनवरी से 15 फरवरी तक और ग्रामीण क्षेत्र में 16 फरवरी से 15 मार्च तक अभियान चलाया जाएगा। सहायक श्रमायुक्त अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि 18 से 40 वर्ष के असंगठित क्षेत्र के कर्मकार जिनकी मासिक आय 15000 रुपये से अधिक नहीं है, वे अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और प्रधानमंत्री लघु व्यापार योजना में शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत 60 वर्ष की आयु के बाद 3000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। इस मौके पर सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ अशोक कटारिया, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।