मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेने के आरोप में एक बिचौलिए को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गौरव गर्ग के रूप में हुई है, जो कथित रूप से एक दरोगा के कहने पर रिश्वत की रकम लेने पहुंचा था। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पीड़िता की शिकायत पर बिछाया गया जाल
बताया गया कि पीड़िता फरहीन ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उससे मामले में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद टीम ने पहले से योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही गौरव गर्ग ने दरोगा के नाम पर पीड़िता से पैसे लिए, एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें:कपसाड़ कांड: उलझा उम्र का सवाल, मेडिकल रिपोर्ट में 19 साल, अब अदालत 29 मई को तय करेगी आरोपी बालिग या नाबालिग
दरोगा की भूमिका की जांच शुरू
सूत्रों के अनुसार पकड़ा गया आरोपी वर्ष 2023 बैच के दरोगा वैभव के इशारे पर रिश्वत लेने पहुंचा था। फिलहाल एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में संबंधित दरोगा की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
टीपी नगर थाने में दर्ज हो रहा मुकदमा
कार्रवाई के बाद आरोपी गौरव गर्ग को हिरासत में लेकर टीपी नगर थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एंटी करप्शन टीम अब पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।